![]() |
Complete Drain Cleaning by June 7 – CM Shinde’s Stern Warning |
CM Shinde’s Stern Warning: 7 जून तक नाले की सफाई पूरी करो
(विशेष संवाददाता मुंबई)
मुंबई: मानसून के दस्तक देने से पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई शहर और उपनगरों में जारी नाले की सफाई के कामों का रविवार को निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को 7 जून तक सभी कार्य पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बारिश समय से पहले शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद नाले की सफाई समय पर पूरी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने भांडुप के उषा नगर, उषा कॉम्प्लेक्स, नेहरू नगर नाला, वडाला और धारावी टी-जंक्शन (दादर) जैसे संवेदनशील स्थलों का दौरा कर अब तक हुए कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बड़े नालों की 85% और छोटे नालों की 65% सफाई पूर्ण हो चुकी है, और शेष कार्य के लिए अभी 15 दिन शेष हैं।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि जो अधिकारी कार्य में ढिलाई बरतेंगे या समय पर कार्य पूरा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि नालों से निकाली गयी गंदगी 48 घंटे के भीतर उठा लिया जाना चाहिए।
एआई तकनीक और रोबोट से हो रही सफाई
इस बार नाले की सफाई में मुंबई मनपा और रेलवे प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। सफाई कार्यों में आधुनिक एआई तकनीक और रोबोट का सहारा लिया जा रहा है। रेलवे के कल्वर्ट के नीचे जमा कचरे को रोबोट की मदद से हटाया जा रहा है।
मनपा ने जलभराव की पहचान किए गए 422 स्थानों पर पंप लगाए हैं। इसके अलावा, 2 स्थानों पर होल्डिंग पोंड और 10 स्थानों पर छोटे पंपिंग स्टेशन चालू कर दिए गए हैं।
भूस्खलन प्रभावित सूर्या नगर में सुरक्षात्मक कदम
विक्रोली स्थित भूस्खलन संभावित सूर्या नगर क्षेत्र का दौरा कर मुख्यमंत्री ने वहां सुरक्षात्मक जालियां लगाने और स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया।
कासारवाडी में सफाई कामगारों की बस्ती का दौरा
मुख्यमंत्री ने दादर स्थित कासारवाडी में सफाई कामगारों की बस्ती का दौरा कर बाळासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना, अध्ययन कक्ष और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की।
इस मौके पर मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर, उपमुख्यमंत्री कार्यालय के प्रधान सचिव नवीन सोना, पूर्व सांसद राहुल शेवाळे, विधायक तुकाराम काते, पूर्व विधायक सदा सरवणकर, पूर्व नगरसेवक समाधान सरवणकर, शिवसेना सचिव राम रेपाले समेत वरिष्ठ अधिकारी और शिवसेना पदाधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री की स्पष्ट नीति - मुंबई में जलभराव बर्दाश्त नहीं
मुख्यमंत्री शिंदे ने दो टूक कहा कि इस बार मुंबई को जलभराव से बचाना हमारी प्राथमिकता है। नाले की सफाई से जुड़ा हर कार्य समय पर, गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी रूप से उन्नत होना चाहिए। जनता को राहत मिले, यही सरकार का संकल्प है।
0 टिप्पणियाँ