![]() |
कारगिल में वीरगति को प्राप्त हुए हिमाचल के सपूत |
Kargil में वीरगति को प्राप्त हुए हिमाचल के सपूत
(रिपोर्ट- चैनल संचालक बलराम सिंह)
कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश
वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िले के हलूं गांव ने एक और बहादुर सपूत को देश की रक्षा में खो दिया है।
अग्निवीर श्री नवीन कुमार जी, कारगिल के द्रास सेक्टर में तैनात थे, जहां भूस्खलन की चपेट में आकर उन्होंने वीरगति प्राप्त की। यह समाचार न केवल प्रदेश बल्कि समूचे देश के लिए वेदना और गर्व से भरा हुआ है।
अग्निवीर नवीन कुमार हाल ही में सेना में भर्ती हुए थे और अपने पूरे समर्पण भाव के साथ माँ भारती की सेवा में जुटे थे। देश के कठिनतम सीमावर्ती क्षेत्रों में कार्य करना उनके हौसले और कर्तव्यनिष्ठा का परिचायक था।
अनुराग ठाकुर ने दी श्रद्धांजलि
उनकी इस असामयिक शहादत पर देशभर में शोक की लहर है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने ट्वीट कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा-
वीरभूमि हिमाचल के कांगड़ा ज़िले के हलूं गांव के निवासी अग्निवीर श्री नवीन कुमार जी के कारगिल के द्रास सेक्टर में माँ भारती की सेवा के दौरान भूस्खलन की चपेट में आकर शहीद होने का समाचार अत्यंत कष्टदाई है। दुःख की इस घड़ी में मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। राष्ट्र सेवा में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। परम् पिता परमेश्वर शोकाकुल परिजनों को संबल व वीरात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।
शहीद नवीन कुमार के गांव में शोक का माहौल है, लेकिन साथ ही हर चेहरे पर गर्व की भावना भी दिखाई देती है। क्षेत्रवासी उन्हें अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं। प्रदेश प्रशासन द्वारा भी सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है।
इस कठिन समय में पूरा देश शहीद को नमन कर रहा है। उनका बलिदान, देश के युवाओं के लिए देशभक्ति, साहस और सेवा भावना की अमिट मिसाल बनकर रहेगा। हिमाचल ने एक और वीर सपूत खोया, लेकिन देश को एक अमर गाथा मिल गई।
0 टिप्पणियाँ