![]() |
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव |
जल गंगा अभियान अंतिम चरण में, PM Modi 30 जून को समापन समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे
(मुख्य ब्यूरो चीफ अभय कुमार सिंह)
भोपाल - जून 2025
प्रदेशव्यापी जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल के रूप में 30 मार्च 2025 से शुरू हुआ 'जल गंगा संवर्धन अभियान' अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आगामी 30 जून को इस अभियान का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इस ऐतिहासिक अभियान से जुड़ेंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे इस सतत जनअभियान ने प्रदेश के सभी जिलों में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता की लहर पैदा की है। अभियान के अंतर्गत जलस्रोतों की सफाई, पुर्नजीवन, नदियों के पुनरोद्धार, जल- स्त्रोतों की मैपिंग, वृक्षारोपण, वर्षा जल संचयन जैसी कई गतिविधियाँ आयोजित की गईं। ग्राम पंचायतों से लेकर नगर निकायों तक, आमजन और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी ने इसे एक जनांदोलन का रूप दे दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 'जल ही जीवन है' का संदेश केवल एक नारा नहीं बल्कि हमारी नीतियों का मूल है। इस अभियान के माध्यम से हमने यह सुनिश्चित किया है कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल का संरक्षण हो सके। प्रधानमंत्री जी का मार्गदर्शन इस अभियान की उपलब्धियों को और अधिक सशक्त बनाएगा।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए इस अभियान में स्कूलों, कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, किसान समूहों, महिला स्व-सहायता समूहों, और मीडिया की भागीदारी उल्लेखनीय रही। स्वच्छ जलधाराओं की पुनः स्थापना से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने तक अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस प्रकार के अभियान निरंतर चलाए जाएं तो जल संकट से जूझ रहे क्षेत्रों में स्थायी समाधान निकल सकता है। इस अभियान ने समाज में जल संरक्षण को लेकर सकारात्मक चेतना जागृत की है।
समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन इस अभियान की उपलब्धियों को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान देगा और अन्य राज्यों को भी इससे प्रेरणा मिलेगी।
0 टिप्पणियाँ