Mumbai : Shivsena महिला आघाड़ी ने शुरू किया हुंडामुक्त Maharashtra अभियान, बहुओं की सुरक्षा का लिया संकल्प
(मुंबई ब्यूरो रिपोर्ट)
मुंबई, 19 जून - महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए शिवसेना की महिला आघाड़ी ने ‘हुंडा मुक्त महाराष्ट्र’ अभियान की शुरुआत की है। इस महत्वपूर्ण घोषणा का मंच बना मुंबई में आयोजित एक विशेष महिला मेळावा, जिसमें सैकड़ों महिलाओं की उपस्थिति दर्ज की गई।
इस अभियान का उद्देश्य समाज में व्याप्त दहेज प्रथा के खिलाफ आवाज उठाना और जनता में जागरूकता फैलाना है। शिवसेना महिला आघाड़ी की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है जो बेटियों की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में एक मजबूत पहल साबित होगा।
अभियान का नारा है - लाड़की बहू की रक्षा, शिवसेना का वचन, जो समाज को यह संदेश देता है कि बहू को सम्मान देना, उसकी सुरक्षा करना और उसे दहेज की मांगों से मुक्त रखना अब एक सामाजिक जिम्मेदारी है।
शिवसेना की महिला पदाधिकारियों ने बताया कि आने वाले समय में इस अभियान को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। गांव-गांव, शहर-शहर जाकर महिलाओं को जागरूक किया जाएगा, साथ ही दहेज मांगने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सामाजिक और कानूनी कार्रवाई को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
महिला आघाड़ी की नेता ने कहा कि दहेज लेना न सिर्फ एक अपराध है, बल्कि यह महिला के आत्मसम्मान और उसके परिवार की भावनाओं का हनन भी है। अब समय आ गया है कि हम खुलकर इस कुप्रथा के खिलाफ बोलें और समाज को बदलें। शिवसेना इस लड़ाई में हर महिला के साथ खड़ी है।
मेळावे में कई पीड़ित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और इस पहल का स्वागत किया। अभियान के तहत आने वाले दिनों में विशेष जागरूकता शिविर, जनसभाएं, महिला संवाद और कानूनी सहायता केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे।
शिवसेना महिला आघाड़ी का यह कदम राज्य में महिलाओं की स्थिति को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल मानी जा रही है। यदि यह अभियान जमीनी स्तर तक मजबूती से पहुंचता है, तो निस्संदेह महाराष्ट्र को 'हुंडा मुक्त' बनाने का सपना साकार हो सकता है।
0 टिप्पणियाँ