पांव पूजन कर बेटी बचाओ का संदेश दे रहे सरदार पतविंदर सिंह नैनी क्षेत्र में कन्याओं के चरण पूजन से जनजागरण अभियान
(ब्यूरो चीफ अभय कुमार सिंह )
प्रयागराज, नैनी: कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथा के खिलाफ जनजागरण का संदेश देते हुए भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरदार पतविंदर सिंह ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ’ अभियान को नई दिशा दी है।
नैनी के उत्तरी लोकपुर क्षेत्र में आयोजित चरण पूजन कार्यक्रम में उन्होंने कन्याओं का पूजन कर समाज को जागरूक करने का बीड़ा उठाया।
पतविंदर सिंह ने कहा कि यदि कन्या भ्रूण हत्या पर रोक नहीं लगी, तो वह दिन दूर नहीं जब नवरात्र जैसे पावन पर्वों पर कन्याओं का मिलना भी दुर्लभ हो जाएगा।
उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों से आह्वान किया कि अपने आंगन में भी बेटी की किलकारी गूंजनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दुर्गा अष्टमी और महानवमी पर दूसरों की बेटियों को पूजने से पहले हमें खुद के घर में बेटियों के प्रति दृष्टिकोण बदलने की जरूरत है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि नारीतत्व कोई अभिशाप नहीं बल्कि एक महान गौरव है। बेटियों की घटती संख्या समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है, और इसके लिए भ्रूण जांच जैसी अनैतिक तकनीकों से बचना होगा।
पतविंदर सिंह ने कहा कि नारी सम्मान और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। बहन-बेटियों को सशक्त बनाना होगा स्लिम नहीं, सबल बनें।
कार्यक्रम में सत्यम होंडा ने कहा कि कन्या दो परिवारों को गौरवान्वित कर सकती है। आत्मकल्याण की दृष्टि से वह साक्षात देवी स्वरूप है। संस्कारवान कन्याएं ही देश का उज्ज्वल भविष्य गढ़ती हैं।
पूजनीय माता दलजीत कौर ने कहा कि नवरात्रि में कन्या भोज के बिना अनुष्ठान अधूरा माना जाता है। सप्तमी से नवमी तक कन्याएं घर-घर पूजन के लिए व्यस्त रहती हैं। यह सामाजिक मान्यता इस बात का प्रतीक है कि कन्याएं समाज का आधार हैं।
इस जागरूकता अभियान में हरमनजी सिंह, सत्यम होंडा, विवेक, कौशल और माता दलजीत कौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पांव पूजन कर समाज में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ संदेश फैलाया और नारी शक्ति को सम्मान देने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ